हरियाणा के खेल राज्यमंत्री  गौरव गौतम ने सोमवार को भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पलवल में जिला सचिवालय के भूतल पर लगाई गई प्रदर्शनी का रिबन काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर आमजन को हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इन प्रदर्शनियों का अवलोकन करें और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और वंदे मातरम् के बारे में जानकारी प्राप्त करें।

 

खेल राज्य मंत्री  गौरव गौतम ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें और आगामी 17 अगस्त तक अपने घरों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान हमारी राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को तिरंगे के महत्व, उसके गौरव और देश के लिए दिए गए बलिदानों की जानकारी भी दी जा रही है।

 

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत की राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति और गौरव का अमर गीत है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है। इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्र प्रेम और एकता की भावना को मजबूत किया। आज भी ‘वंदे मातरम्’ के स्वर हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।