फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम  05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त यातायात  प्रतीक गहलोत  व सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे श्री सत्यपाल यादव  सहित अन्य यातायात अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात ने बतलाया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना तथा उनकी देखभाल करना आवश्यक है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गुरुग्राम यातायात पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं, अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उन्हें संरक्षित करने में अपना योगदान दें। गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से संबंधित ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।