डॉ विभूति सिंह/भागलपुर
पुलिस अधीक्षक,नवगछिया के कार्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न थानों के उन अनुसंधानकर्ता पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया,जिन्होंने 08 या उससे अधिक कांडों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया है।पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट अनुसंधान कार्य के लिए बधाई दी और कहा कि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान से ही आमजन का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अनुसंधानकर्ता इसी लगन और निष्ठा के साथ लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करें ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।कार्यालय सूत्रों के अनुसार पिछले महीने नवगछिया पुलिस जिले में अनुसंधान निष्पादन की दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हत्या, लूट, मद्यनिषेध और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी और साक्ष्य संकलन को प्राथमिकता दी गई।सम्मानित होने वाले पदाधिकारियों में नवगछिया, रंगरा, इस्माईलपुर, खरीक,सहित अन्य थानों के अनुसंधानकर्ता शामिल थे। सभी ने आगे भी इसी प्रकार बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अन्य वरीय पदाधिकारी और कर्मी भी उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक का संदेश:
"अच्छे अनुसंधान से ही अपराधियों को सजा मिलती है और पीड़ित को न्याय। नवगछिया पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"