दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर शनिवार को एक साथ दो ट्रेनों के इंजन फेल होने से रेल परिचालन कई घंटों तक बुरी तरह प्रभावित रहा। चित्तरंजन और रूपनारायणपुर के बीच अप लाइन पर हुई इस घटना से हजारों यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह करीब आठ बजे चित्तरंजन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर खड़ी खुर्दारोड-पटना स्पेशल ट्रेन का इंजन अचानक खराब हो गया। रेलवे ने तुरंत दूसरा इंजन लगाया, लेकिन वह भी तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर सका। लगातार दो इंजन फेल होने से रेल अधिकारियों की परेशानी बढ़ गई। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वैकल्पिक व्यवस्था कर ट्रेन को आगे बढ़ाया जा सका। उधर रूपनारायणपुर के पास 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस का इंजन भी अचानक फेल हो गया। ट्रेन मुख्य ट्रैक पर ही रुक गई, जिससे उसके पीछे आ रही मालगाड़ी को भी रोकना पड़ा। एक ही रेलखंड में दो ट्रेनों के इंजन खराब होने से अप लाइन का परिचालन लगभग पूरी तरह ठप हो गया। लंबे समय तक ट्रेनें रुके रहने और भीषण गर्मी के कारण यात्रियों को खाने-पीने और पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। चित्तरंजन स्टेशन और रूपनारायणपुर रेलगेट के पास दुकानों पर पानी, शीतल पेय और खाने की चीजों का स्टॉक खत्म हो गया। कई यात्री बोगियों से उतरकर स्टेशन परिसर और आसपास पानी की तलाश में भटकते दिखे। रेलवे के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मरम्मत में जुट गए। परिचालन आंशिक रूप से बहाल करने के लिए कुछ ट्रेनों को डाउन लाइन से निकाला गया।