अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर झारखंड की 40 हजार स्वास्थ्य सहियाओं को बड़ा तोहफा, 22 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की लगभग 40 हजार स्वास्थ्य सहियाओं को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की धर्मपत्नी इरफाना इरफान ने सहियाओं को 22 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि का सांकेतिक चेक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के 11 महीनों के लिए प्रति माह 2000 रुपये के हिसाब से प्रदान की गई है।
राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सह सम्मान समारोह का आयोजन रांची के नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान के प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की धर्मपत्नी डॉ. अनिता सिन्हा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा की धर्मपत्नी मीनाक्षी झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस मौके पर अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 48 स्वास्थ्य सहियाओं, 24 सहिया साथियों, पांच महिला चिकित्सकों तथा 72 सीएचओ और महिला स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके अलावा दो ऐसी स्वास्थ्य सहियाओं को भी सम्मानित किया गया जो हाल ही में मुखिया पद पर निर्वाचित हुई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इरफाना इरफान ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के स्वाभिमान, आत्मसम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मईयाँ सम्मान योजना इस दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने महिलाओं को सशक्त और एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डॉ. अनिता सिन्हा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना जाता है। वहीं मीनाक्षी झा ने कहा कि जब एक महिला आगे बढ़ती है तो पूरा समाज आगे बढ़ता है। उन्होंने महिलाओं से अपने इरादों को मजबूत कर आगे बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम में जीवीआई की उपाधीक्षक डॉ. जेशीना ने महिलाओं को अपने ऊपर गर्व करने की सलाह दी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है।
इस अवसर पर एनएचएम के प्रशिक्षण कोषांग की राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, अकय मिंज, डॉ. भारती कश्यप, अनिमा किस्कु, रफत फरजाना, गुंजन खलखों, रजनी, सज्ञा सिंह, सुचन्द्रा पण्डा, ललित टोप्पो, जोसली जॉन, नीलम झा, नीलम कुमार, शान्तना सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य सहियाएं और महिला स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थीं।
Raftaar Media | सच के साथ