दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को जामताड़ा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि जेपीएससी में घोटाले की शुरुआत भाजपा शासनकाल से हुई है। भाजपा ने जो गड्ढा खोदा है, उसे भरने में थोड़ा समय लगेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज जेपीएससी घोटाले को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें नैतिकता के आधार पर आत्ममंथन करना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि जेपीएससी में अनियमितताओं की शुरुआत उनके कार्यकाल से ही हुई थी। डॉ. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री से मांग करेंगे कि केवल 14वीं जेपीएससी परीक्षा की ही जांच न हो, बल्कि वर्ष 2000 से 2026 तक आयोजित सभी जेपीएससी परीक्षाओं की सीआईडी से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि व्यापक जांच से सच्चाई सामने आएगी और दूध का दूध तथा पानी का पानी हो सकेगा। वही डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह छात्रों का आंदोलन है और सरकार लगातार छात्रों से बातचीत कर रही है। ऐसे में आंदोलन का राजनीतिकरण करना उचित नहीं है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी नेता के बहकावे में न आएं और सरकार पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले में कार्रवाई जारी है और कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं। सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच करा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री ने इस दौरान जैन समुदाय को भी बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एकजुटता की मिसाल पेश की है और देश को बताया है कि जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर एकजुट कैसे हुआ जा सकता है। मौके पर कांग्रेस नेता इरशाद उल हक अर्शी, विनोद छतरिय, ब्लू चक्रवर्ती समेत अन्य लोग उपस्थित थे।