आशीष कुमार मुखर्जी/कुजू/मांडू: रामगढ़ नगर परिषद चुनाव संपन्न होने के एक माह बाद निर्वाचित जनप्रतिनिधि अब पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। परिषद की अध्यक्ष कुसुम लता देवी और उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता ने सोमवार को अपने वार्ड पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनता से सीधा संवाद कर समस्याओं से अवगत होने के साथ ही उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
*धरातल पर उतरी परिषद की टीम*
सोमवार को नगर परिषद की टीम वार्ड संख्या 1 और 2 में पहुंची। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता अजमल हुसैन भी मौजूद रहे। टीम ने वार्ड पार्षद विशेश्वर बेदिया (वार्ड 1) और मुंशी मांझी (वार्ड 2) की उपस्थिति में क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था, नालियों की स्थिति, जर्जर सड़कों, पुलों और तालाबों का बारीकी से निरीक्षण किया।
*आजादी के बाद भी सड़क को तरस रहा वार्ड-1*
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद विशेश्वर बेदिया ने एक चौंकाने वाला तथ्य सामने रखा। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या एक के कई हिस्सों में आजादी के बाद से आज तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। पक्की सड़क के अभाव में स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है। समाजसेवी रवि कुमार और शिवदयाल साव ने भी क्षेत्र की अन्य ज्वलंत समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
*कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखेगा विकास: अध्यक्ष*
जनता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कुसुम लता देवी और उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता ने पूर्व की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा, "पहले लोग दफ्तरों में बैठकर फाइलों और कागजों पर ही समस्याओं का निपटारा कर देते थे, लेकिन हमारा लक्ष्य विकास को धरातल पर उतारना है। हम खुद क्षेत्रों में जाकर स्थिति देखेंगे और प्राथमिकता के आधार पर काम कराएंगे।"
वहीं, कार्यपालक अभियंता अजमल हुसैन ने तकनीकी निरीक्षण के बाद भरोसा दिलाया कि चिन्हित की गई समस्याओं के निवारण के लिए विभागीय प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने नई टीम की इस पहल की सराहना की।