भारत की जनगणना-2027 "जन कल्याण की आधारशिला" है। उक्त बातें प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी पूर्वी चम्पारण मोतिहारी सौरभ जोरवाल ने समाहरणालय स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सभागार में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना हेतु आयोजित जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में कही।
उन्होंने जनगणना से संबंधित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्व-गणना प्रक्रिया में जन भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डीएम ने निर्देश दिया कि स्व-गणना को जनगणना का महत्वपूर्ण अंग मानते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनेगी।
स्व-गणना के तहत नागरिक 17.04.2026 से 01.05.2026 तक स्वयं ऑनलाइन सूचना भर सकेंगे। इसके सफल संचालन के लिए डीएम ने सभी संबंधित विभागों को अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार अभियान चलाने तथा लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, लाभ एवं महत्व के बारे में जानकारी देने का निर्देश दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया गया।
बैठक में स्व-गणना से संबंधित तकनीकी अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा सभी नामित कर्मियों को चार्ज स्तर पर आवश्यक प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण में डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया एवं संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी जा रही है। डीएम ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है और कर्मचारियों से अपेक्षा है कि वे पूर्ण समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें।
जिला जनगणना पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश कुमार सिन्हा ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जीविका दीदियों के शत-प्रतिशत स्व-गणना रजिस्ट्रेशन कराने पर ज़ोर दिया। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि निदेशालय के निर्देशालोक में जनगणना-2027 को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा। अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत) शैलेन्द्र कुमार भारती ने कहा कि जनगणना के दूरगामी परिणाम देश-हित में आते हैं और इससे आम-सुविधा की कार्य योजना बनाने में सहायता मिलती है।
बैठक में वरीय उप-समाहर्ता (स्थापना) प्रेमलता कुमारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरि, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा अभियान प्रह्लाद गुप्ता, जनगणना कार्य निदेशालय बिहार के पर्यवेक्षक प्रेमजीत सिन्हा, राजीव कुमार सिंह, आदित्य कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।