दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संचालित 90 दिवसीय विशेष जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत बुधवार को जामताड़ा प्रखंड की दुलाडीह पंचायत अंतर्गत नवाडीह गांव में न्याय रथ के माध्यम से विधिक सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार जामताड़ा की ओर से एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता आंगनबाड़ी सेविका महारानी हेंब्रम ने की, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के सचिव पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सचिव पवन कुमार ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानून, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा अधिनियम, भरण-पोषण अधिनियम तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर लोग सीधे डीएलएसए कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इस दौरान एलएडीसी के अधिवक्ता अर्जित बोस ने भी ग्रामीणों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार का सहयोग लेने की अपील की।शिविर में न्याय रथ के माध्यम से विधिक जागरूकता संबंधी पुस्तिकाओं एवं प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही न्याय तक सरल एवं सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे उपयोगी एवं लाभकारी बताया। मौके पर अधिकार मित्र विश्वजीत पाल, नित्य मंडल, जगत मोहन महतो, शबाना यासमीन, शिवनाथ मंडल, सुमन टुडू, आनंद महतो, प्रकाश हेंब्रम, वार्ड सदस्य बसंती हेंब्रम, स्वास्थ्य साहिया निमोती सोरेन, जल सहिया रेणुका मुर्मू, नायकी सागर टुडू, ग्राम प्रधान संजीत टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।