बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
सरायकेला-खरसावां के अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने शुक्रवार को कुकड़ू प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने और जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त ने पंजी-2 सुधार, मोटेशन, दाखिल-खारिज समेत विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा की। कई मामलों में त्रुटियां एवं लंबितता पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाते हुए एक सप्ताह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में देरी से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अपर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी को पंचायत स्तर पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंजी-2 सुधार, मोटेशन एवं अन्य राजस्व मामलों के समाधान के लिए गांवों में कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागीय पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त ने कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण एवं जन शिकायतों के निष्पादन की स्थिति का भी जायजा लिया तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की पहचान है और प्रशासन इसी दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।