मोतिहारी, 30 जुलाई। जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने गुरुवार को केंद्रीय कारा, मोतिहारी का निरीक्षण कर कारा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम कारा परिसर में विकसित "सदाचार वाटिका" का उद्घाटन किया।
इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बंदी दरबार का आयोजन हुआ, जिसमें कारा में निरुद्ध बंदियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी बंदियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कारा पुस्तकालय, पेंटिंग सेक्शन, रेडियो दोस्ती, कारा अस्पताल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कारा प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान कारा परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कारा प्रशासन के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर कारा अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा, उपाधीक्षक-सह-अधीक्षक (उत्क्रमित) संजय कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नंदकिशोर कुमार, कारा के अन्य पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।