पुर्व विधायक विनोद कुमार सिंह पहुंचे नंदकिशोर माली के घर
बिरनी/गिरिडीह: धनवार प्रखंड के करमा टांड़ के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर घायल किए गए पूरना नगर निवासी नंदकिशोर माली इलाज के बाद बुधवार को अपने घर लौट आए। उनके घर पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह (कॉमरेड) आज नंदकिशोर माली के आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित का हालचाल जाना तथा परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सुविधाएं एवं सहायता राशि पीड़ित को दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर बिरनी प्रमुख रामू बैठा, प्रखंड सचिव शेखर सुमन दास, मुंशी विश्वकर्मा, रामविलास पासवान, सीताराम पासवान, गोपाल पंडित एवं सुखदेव राय सहित अन्य लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Raftaar Media | सच के साथ