शिव कुमार/सहरसा।इन दिनों जिला पुलिस टीम द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि अंतर जिला अपराधी और बैजनाथपुर थाना कांड संख्या - 59/26 का वांछित अपराधी रामू कुमार अपने गांव पतरघट थाना क्षेत्र के धबौली गांव निवासी बैजनाथ सिंह के आम बगीचा में छिपा हुआ है। फिर एसपी हिमांशु के निर्देश और उनके नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित हुई। गठित टीम में पतरघट थाना अध्यक्ष शशि कुमार, बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष अमित रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक दुर्गेश कुमार, खुशबू कुमारी, जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी, उनके कर्मी और थाना पुलिस बल शामिल थे। टीम द्वारा उक्त बगीचे में छापामारी किया गया।जिसमें पतरघट थाना क्षेत्र के धबौली गांव, वार्ड नंबर - 1 निवासी उपेंद्र शाह के पुत्र और 5000 का इनामी अपराधी रामू कुमार गिरफ्त में लिए गए। जिनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से एक जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा और एक मोबाइल बरामद किए गए थे। गिरफ्तार अपराधी पर बैजनाथपुर थाना कांड संख्या - 59/26 और मधेपुरा जिला के भर्राही थाना कांड संख्या - 99/26 दर्ज हैं।