दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। नवाबगंज विकासखंड कार्यालय में बुधवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमरेश सिंह चौहान की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सचिवों की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास कार्यों, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अमरेश सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कराए गए सर्वे के लाभार्थियों के प्रपत्र शीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासकों के माध्यम से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में ग्राम पंचायतों की स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। बीडीओ ने निर्देश दिए कि गांवों में नियमित साफ-सफाई अभियान चलाया जाए तथा जलभराव, गंदे पानी और कूड़े-कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है और ग्रामीणों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।
इसके अलावा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की जानकारी साझा की तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीओ पंचायत किशन पाल सिंह, एडीओ ग्राम्य विकास सुखदेश सिंह सहित अनेक ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे। उपस्थित सचिवों में अनुपम बाजपेई, प्रमोद शुक्ला, बृजेश कुमार, अरविंद कुमार, प्रवीण कुमार, कामता प्रसाद पटेल, वेद प्रकाश, आनंद गंगवार, मोतीलाल और सुनील कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।