राजु मंडल /रफ्तार मीडिया सवाददाता /गांडेय।
गांडेय अंचल अंतर्गत अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चमलिटी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, चमलिटी गांव में कॉलेज मंडल और धनेसर मंडल के परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान बिसनदेव मंडल, कॉलेज मंडल, धनेश्वर मंडल, अजय मंडल सहित कुल आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
मारपीट के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर अहिल्यापुर थाना पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गांडेय भेज दिया।
मामले की जानकारी देते हुए अहिल्यापुर थाना प्रभारी एनुल हक खान ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना का कारण आपसी जमीन विवाद सामने आया है। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई आवेदन मिलने के बाद की जाएगी।