फतह सिंह उजाला
मानेसर। नगर निगम मानेसर द्वारा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष नुक्कड़ नाटक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आईएमटी सेक्टर-1 मार्केट और सेक्टर-83 स्फायर मॉल के पास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों ने भाग लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को कचरा पृथक्करण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों की टीम ने रोचक और संदेशपरक प्रस्तुतियों के जरिए आमजनों को घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने की आवश्यकता समझाई।
विशेष रूप से लोगों को चार प्रकार के डस्टबीन यानि फोर बीन प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि हरे रंग का डस्टबीन गीले कचरे जैसे सब्जियों और फलों के छिलके, भोजन के अवशेष और जैविक अपशिष्ट के लिए उपयोग किया जाता है। वहीं, नीले रंग का डस्टबीन सूखे कचरे जैसे कागज, प्लास्टिक और अन्य री-साइकिल होने वाली सामग्री के लिए निर्धारित है। इसके अलावा लाल रंगे के डस्टबीन का उपयोग खतरनाक कचरे के लिए किया जाता है, जबकि पीले रंग का डस्टबीन विशेष प्रकार के अपशिष्टों के निस्तारण के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
नुक्कड़ नाटक आयोजित करने वाले कलाकारों ने संवाद, गीत और अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करना शुरू कर दें, तो न केवल स्वच्छता व्यवस्था बनी रहेगी बल्कि कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी बन सकेगी।
नगर निगम के वरिष्ठ सफाई निरीक्षक विजय कौशिक ने बताया कि आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देशानुसार निगम क्षेत्र में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए निगम ने नुक्कड़ नाटक की पहल शुरू की है। नगर निगम की ओर से लोगों को अन्य माध्यमों से भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों से अपील है कि वे स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करें।