सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत मुरूप पंचायत स्थित धातकीडीह विद्यालय में शुक्रवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को सामाजिक कुरीतियों, कानूनों और सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में उपस्थित सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने छात्रों को नशा मुक्ति अभियान के महत्व से अवगत कराया तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा और बच्चों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।छात्रों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 की उपयोगिता के बारे में बताया गया। साथ ही बच्चा चोरी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस से करने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी भी दी गई, ताकि छात्र-छात्राएं समाज में जागरूक नागरिक की भूमिका निभा सकें।इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले लोगों को कानूनी संरक्षण देने वाली गुड सेमेरिटन योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।वक्ताओं ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और समाज को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग बनाना है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।