मांडर / रफ़्तार संवाददाता /अभिषेक गुप्ता : मांडर थाना क्षेत्र के टांगरबसली रेलवे स्टेशन के निकट बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में 47 वर्षीय महिला नसीमा खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उनका एक पैर कट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टांगरबसली निवासी नसीमा खातून मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जाती हैं। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह अपने घर से इटकी जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान टांगरबसली रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। बताया जाता है कि ट्रेन के लोहरदगा की ओर रवाना होने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं और उनका पैर रेलवे पटरी में फंस गया, जिससे यह गंभीर हादसा हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें मांडर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।