शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।

ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) की एक महत्वपूर्ण बैठक दुमका जिला अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में शिकारीपाड़ा में आयोजित की गई। इस बैठक में पत्रकारों के हितों, उनकी सुरक्षा और स्वतंत्रता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान में जिस प्रकार पत्रकारों की निष्पक्ष कलम को दबाने और उनकी आवाज को कुचलने की कोशिश की जा रही है, संगठन उसका पुरजोर विरोध करता है और पत्रकारों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में रानीश्वर प्रखंड के बीडीओ (BDO) द्वारा स्थानीय पत्रकार के साथ किए जा रहे मानसिक व प्रशासनिक शोषण का मामला प्रमुखता से उठा। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रानीश्वर BDO के इस तानाशाही रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की। पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और इस शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस पूरे मामले और पत्रकारों के हितों से संबंधित मांगों को लेकर राज्य के राज्यपाल या मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में AISMJWA के दुमका जिला अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी के अलावा महासचिव शुभंकर नंदन, सचिव दीपू भंडारी, उपाध्यक्ष ललित कुमार पाल, वरिष्ठ पत्रकार गयासुद्दीन अंसारी, शब्बीर अंसारी, जुलकर अंसारी सहित क्षेत्र के कई अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। सभी पत्रकारों ने एक सुर में एकजुटता का परिचय देते हुए पत्रकार हित में हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया।