सरायकेला: आदित्यपुर के एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान में शनिवार से 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का शानदार आगाज हुआ। झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के 22 जिलों से आए 165 प्रतिभावान बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी मुक्केबाजी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 16 अनुभवी रेफरी तैनात किए गए हैं।शनिवार शाम आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों ने रिंग में उतरकर अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।अपने संबोधन में अतुल भटनागर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बॉक्सिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, साहस और संघर्ष का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि खिलाड़ी मैच के दौरान गिर सकते हैं या नॉकआउट हो सकते हैं, लेकिन असली खिलाड़ी वही होता है जो हर बार उठकर नए जोश और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करता है। हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन लगातार संघर्ष करते रहना ही सफलता की असली पहचान है।समारोह में ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी सह आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव आनंद बिहारी दुबे, सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा, सचिव राजीव वर्मा ‘कुकू’, मनोज कुमार समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और राज्य तथा देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।तीन दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के उभरते मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।