जितेंद्र कुमार दास/तोपचांची: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तोपचांची में एक्सपायरी दवाएं मिलने के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में धनबाद डीएमएफटी की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में दवा भंडारण और उपयोग से जुड़े क्षेत्र में कई एक्सपायरी दवाएं मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित कर्मियों से जवाब तलब किया है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्वेता गुंजन ने डेंटल मेडिकल ऑफिसर डॉ. राज शेखर भट्टाचार्य, स्टोर इंचार्ज शेखर सुमन, जीएनएम सोनामुनी अड्डी तथा फार्मेसी इंचार्ज मो. तनवीर आलम को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। विभागीय स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई है। टुंडी विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों से जमे कुछ कर्मियों की मनमानी और लापरवाही का यह परिणाम है। वहीं प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता निभाई जा रही है, जबकि अब तक किसी दोषी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि एक्सपायरी दवाओं का अस्पताल में पाया जाना सीधे तौर पर मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र की दवा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आम लोगों के बीच भी अस्पताल की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।