पकड़ीदयाल प्रखंड क्षेत्र के सिसहनी पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति टोला के प्रांगण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर आयोजन की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी अच्छेलाल यादव, नगर अध्यक्ष शंभू पासवान एवं मंच संचालक सुमन पासवान द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। आयोजनकर्ता अनिल पासवान और मनोज जायसवाल रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बाबा साहब के आदर्शों एवं उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय की प्रेरणा देता है, जिसे अपनाकर समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि अच्छेलाल यादव ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकार की लड़ाई लड़ते हुए एक ऐसे भारत की कल्पना की, जहां हर व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार मिले।
नगर अध्यक्ष शंभू पासवान ने बताया कि अंबेडकर जयंती को लेकर गांव में व्यापक तैयारी की गई है। इस वर्ष समारोह को भव्य बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता रैली, विचार गोष्ठी और सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान अनिल पासवान और राजू मुखिया के द्वारा सैकड़ों बच्चों के बीच कलम-कॉपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।