दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:आसनसोल राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक डंपर ड्राइवर की जलकर मौत हो गई। कोयले से लदे डंपर ने ट्रांसफॉर्मर लेकर जा रहे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद डंपर केबिन में आग लग गई और ड्राइवर फंसकर जिंदा जल गया। यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे सालानपुर थाना क्षेत्र के मेलेकोला चौराहे के पास धनबाद जाने वाली लेन पर हुआ। पुलिस के अनुसार, दुर्गापुर से झारखंड की ओर एक बड़ा ट्रांसफॉर्मर लेकर ट्रेलर जा रहा था। उसके पीछे कोयले से लदा डंपर आ रहा था। मेलेकोला चौराहे के पास डंपर चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर का अगला केबिन मुड़ गया और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। ड्राइवर केबिन में फंस गया। आग की लपटों में झुलसकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड के धनबाद स्थित निरसा निवासी सोनू कुमार मल्होत्रा 25 वर्ष के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सालानपुर पुलिस और सेंट्रल फोर्स मौके पर पहुंची। आसनसोल से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाकर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। केबिन से जली हुई लाश निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजी गई। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। आसनसोल फायर डिपार्टमेंट के सब-ऑफिसर तपस घोष ने बताया कि केबिन मुड़ जाने और आग लग जाने के कारण ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।