ओम प्रकाश तिवारी /मोतिहारी
पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष ई. शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय की अध्यक्षता में मंगलवार को बंजरिया स्थित गांधी आश्रम पंडाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गप्पू राय ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान सरकार द्वारा की जा रही गिरफ्तारियां और दंडात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं को समझते हुए रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को भाजपा सरकार के अंत की दिशा में पहला कदम बताते हुए कहा कि यह देश में बढ़ते जन असंतोष का प्रमाण है। उन्होंने शिक्षा सहित अन्य विभागों में जवाबदेही तय करने और व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज सभी प्राथमिकी तत्काल वापस ली जाएं, गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा किया जाए तथा उनके खिलाफ लगाए गए आरोप समाप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि छात्र आंदोलन की सफलता देशभर के युवाओं और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उठाई गई आवाज का परिणाम है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मदन प्रसाद कुशवाहा, मो. आसैदुर्रहमान खान, ऋषि सिंह, डॉ. जेयाउल हक, मो. आबिद हुसैन, सत्येंद्र नाथ तिवारी, अमित कुमार, मो. नेयाज अहमद खान, धनंजय तिवारी सहित जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।