गम्हरिया स्थित रामचंद्रपुर मैदान में ‘कृष्टी दीपा महोत्सव’ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति और लोक संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर मैदान में आयोजित कृष्टी दीपा महोत्सव में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यह आयोजन अखंड कोल्हान महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें आसपास के जिलों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।महोत्सव के दौरान ठाकुर अनुकूल चंद्र के अनुयायियों की जबरदस्त उपस्थिति देखने को मिली। श्रद्धालु भक्ति गीतों और भजनों पर झूमते नजर आए, वहीं पारंपरिक लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। पूरे मैदान में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में आम श्रद्धालुओं की तरह भाजपा के स्टार प्रचारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। उनके अलावा पश्चिम बंगाल के मालदा से भाजपा प्रभारी और पूर्व विधायक गुरुचरण नायक सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता भी महोत्सव में मौजूद रहे।मौके पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि वे ठाकुर अनुकूल चंद्र को अपना गुरु मानते हैं और उनसे दीक्षा ले चुके हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी शामिल हुए, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं।हालांकि पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले इतने बड़े आयोजन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी हुईं। इस पर आयोजकों और श्रद्धालुओं ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह धार्मिक और आस्था से जुड़ा आयोजन है, जिसका किसी चुनावी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।रामचंद्रपुर मैदान में आयोजित यह महोत्सव देर शाम तक भक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर लोगों को जोड़ता रहा।
Raftaar Media | सच के साथ