दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:रेल नगरी चित्तरंजन में माध्यमिक परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही जश्न का माहौल बन गया। डीवी बॉयज, डीवी गर्ल्स और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि पूरे विद्यालय और शहर का नाम रौशन किया है। परिणाम आते ही घर-घर मिठाइयां बंटने लगीं और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
डीवी बॉयज का प्रदर्शन
डीवी बॉयज स्कूल में सृजन बिस्वास ने 96% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनिक गोस्वामी 89% अंकों के साथ दूसरे और आर्य सरकार 85.4% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। तीनों छात्रों की उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई।
डीवी गर्ल्स ने भी दिखाया दम
डीवी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने भी कमाल कर दिखाया। अर्पिता शर्मा ने 91.4% अंक लाकर स्कूल टॉप किया। प्रतीक्षा सिंह ने 88.4% अंकों के साथ दूसरा और श्रेया कुमारी ने 87.8% अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। बेटियों की इस कामयाबी पर अभिभावक फूले नहीं समा रहे।
पीएम श्री केवी ने मारी बाजी
सबसे शानदार प्रदर्शन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन के छात्रों का रहा। शिरीष विश्वकर्मा ने 98.8% अंक प्राप्त कर न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे चित्तरंजन में टॉप किया। निखिल कुमार 98.2% अंकों के साथ दूसरे और अविका रजक 97.2% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। पीएम श्री केवी के छात्रों का यह परिणाम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रधानाध्यापकों ने दी शुभकामनाएं
तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अपने-अपने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बच्चों की दिन-रात की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का फल है। प्रधानाध्यापकों ने छात्रों से आगे भी इसी लगन से मेहनत करने और शिखर पर पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों ने भी टॉपर्स को बधाई दी। शिक्षकों ने कहा कि बच्चों ने अनुशासन और समर्पण से पढ़ाई की, जिसका नतीजा आज सबके सामने है। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताया। रिजल्ट के बाद तीनों विद्यालयों में जश्न का माहौल रहा। छात्रों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। चित्तरंजन की इस सफलता ने पूरे जामताड़ा और पश्चिम बर्दवान जिले में रेल नगरी का गौरव बढ़ाया है।